गोरखपुर
सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र मेंl रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार मजदूर की जान चली गई। सड़क किनारे रखे सीमेंट के बेंच से टकराने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हरपुर निवासी रामचंद्र पुत्र रामसूरत, उम्र 38 वर्ष, छत का सरिया बांधने का कार्य करता था। गुरुवार को वह गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बाड़ीतरया में सरिया बांधने का काम करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लमतिया गांव के पास सड़क किनारे ग्राम सभा द्वारा रखे गए सीमेंट के बेंच से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक सहित गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी गोला पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
