गोरखपुर
पुराने विवाद में युवक की हत्या, दो अभियुक्त गिरफ्तार
वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद; एक आरोपी अब भी फरार
गोरखपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गीडा थाना पुलिस और एसओजी/स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले का खुलासा कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र ने पूरे प्रकरण की जानकारी दी। इस दौरान एसपी अपराध सुधीर जायसवाल तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी गीडा अरुण कुमार भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, वादी ने तहरीर देकर बताया था कि उसका बेटा 6 फरवरी 2026 की शाम घर से निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अगले दिन युवक का शव मिला, जिसकी चाकू मारकर हत्या की गई थी। इस संबंध में थाना गीडा पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को आपसी रंजिश का मामला सामने आया। साक्ष्यों के आधार पर पवन कुमार और विजय का नाम प्रकाश में आया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि पुराने विवाद के चलते उन्होंने मृतक को पार्टी करने के बहाने बुलाया और चाकू मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले में शामिल तीसरा अभियुक्त निखिल कुमार गौड़ उर्फ गोलू उर्फ रितिक फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और फरार अभियुक्त को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
