वाराणसी
युवती पर शादी का दबाव और तेजाब फेंकने की धमकी, आरोपी पर केस दर्ज
वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक युवक पर अपनी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित करने, सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करने, विवाह का दबाव बनाने और तेजाब फेंकने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के गणेश महाल निवासी महिला के अनुसार, उनकी 21 वर्षीय पुत्री को कटेसर थाना रामनगर निवासी दीपू सहानी लगातार परेशान कर रहा है। आरोप है कि युवक ने युवती की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाल दी हैं और आए दिन उनके घर के आसपास मंडराता रहता है। कभी खिड़की पीटता है तो कभी दरवाजे पर पानी की बोतल रखकर चला जाता है।
महिला का कहना है कि आरोपी उनके रिश्तेदारों को भी संदेश भेजता है और शादी न कराने की स्थिति में बेटी पर तेजाब फेंकने या उसकी हत्या करने की धमकी देता है। वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से युवती को फोन कर डराता-धमकाता रहता है।
महिला ने बताया कि जब उनकी बेटी कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी, तब जगंमबाड़ी के पास आरोपी ने उसका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
