वाराणसी
दालमंडी में ध्वस्तीकरण के दौरान मीडिया कवरेज पर अस्थायी रोक, प्रशासन देगा रोजाना अपडेट
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण फैसला लिया है। लगातार जारी तोड़फोड़ की कार्रवाई और एक साथ कई भवनों को गिराए जाने की प्रक्रिया को देखते हुए मीडिया कर्मियों के मौके पर प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि ध्वस्तीकरण के दौरान भारी मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है और आसपास की इमारतें भी प्रभावित हो सकती हैं, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इसी कारण सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रतिदिन कई भवनों को गिराया जा रहा है।
ऐसे में मौके पर भीड़ और अनावश्यक आवाजाही से काम में बाधा आने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मीडिया की एंट्री को फिलहाल सीमित कर दिया गया है, ताकि ध्वस्तीकरण कार्य सुचारु रूप से और सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मीडिया को सूचना से वंचित नहीं रखा जाएगा। ध्वस्तीकरण की प्रगति, की गई कार्रवाई और अन्य जरूरी जानकारियां रोजाना आधिकारिक रूप से साझा की जाएंगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही पुलिस ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ध्वस्तीकरण स्थल से दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
