Connect with us

वाराणसी

Dalmandi: आगजनी मामले में उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में जर्जर मकानों के ध्वस्तीकरण के दौरान आगजनी की कोशिश के मामले में चौक पुलिस ने दो नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में उकसाने के आरोपित फारुख को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अजमत अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, दालमंडी पुलिस चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है। गत दोपहर ध्वस्तीकरण अभियान की निगरानी के दौरान मकान संख्या सीके 40/71 के पास मुनादी कराई जा रही थी। इसी दौरान प्रथम तल से अजमत नामक युवक ने पेट्रोल से भरी बोतल नीचे खड़े कर्मचारियों की ओर फेंक दी और आग लगा दी।

इस घटना से छत के आगे लगे टिन शेड के नीचे रखे कबाड़ में आग लग गई। कुछ कर्मचारियों पर पेट्रोल की बूंदें भी गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि अजमत ने स्वयं को आग लगाने की धमकी भी दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अजमत को इस कृत्य के लिए सूरजकुंड थाना लक्सा क्षेत्र का रहने वाला फारुख खान उकसा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, फारुख का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

घटना के बाद अजमत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। समाचार लिखे जाने तक अजमत की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। वहीं, माहौल बिगाड़ने के आरोप में फारुख को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Advertisement

एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page