गोरखपुर
फोन पर सेवानिवृत्त चिकित्सक को जान मारने की धमकी, अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
कैम्पियरगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले को गंभीरता से लेकर शुरू की छानबीन
गोरखपुर। कैम्पियरगंज थाना मुख्यालय स्थित नगर पंचायत चौमुखा कस्बे के वार्ड नंबर 13 राम-जानकी नगर निवासी सेवानिवृत्त चिकित्सक डाक्टर मन्ना लाल गुप्ता को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी,उसने जान-माल की धमकी देते हुए कहा कि उसने कुंडली खंगाल कर रख ली है। चिकित्सक मन्ना लाल गुप्ता की तहरीर पर प्रभारी निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार डाक्टर मन्ना लाल गुप्ता कैम्पियरगंज कस्बे के चौमुखा नगर पंचायत वार्ड नंबर 13 राम-जानकी नगर के रहने वाले हैं तथा करीब दस वर्ष पूर्व स्वास्थ्य विभाग से सेवा निवृत्त होकर अपने आवास पर रहते हैं और उनके बेटे की कस्बे के बीएमसीटी मार्ग पर बाजार मोड़ पर एक मेडिकल स्टोर है जहां डाक्टर मन्ना लाल सोमवार को बैठे थे । शाम करीब 4 बजकर 19 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल नंबर पर काल किया और कहा कि तुम डाक्टर मन्ना लाल गुप्ता बोल रहे हो जिसपर डाक्टर मन्ना लाल ने कहा बोलिये।
फिर काल करने वाले ने पूछा कि तुम मन्ना लाल गुप्ता पुत्र रामप्यारे बोल रहे हो फिर मन्ना लाल गुप्ता ने कहा कि आप कौन बोल रहे हैं तो फिर उस अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि हमने तुम्हारी कुंडली खंगाल कर निकाल ली है और तुम अब मारे जाओगे। फिर कहा कि दो घण्टे में मारे जाओगे। मन्ना लाल घबरा गये और फोन अपने लड़के अरुण को बात करने को दी अरुण ने बात की तो उसने फिर से वही बात दुहराई और कहा तुम मार दिये जाओगे फिर अरुण ने कहा कि ठीक है मरना हमें है तो तुमको चिन्ता क्यों है। फिर उसने वही बात दुहराई और मैं आ रहा हूं कही और फोन कट हो गया।
डाक्टर मन्ना लाल गुप्ता ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है लेकिन मैं इस फोन आने को लेकर काफी चिंतित और परेशान हो गया हूं। उन्होंने कुछ शुभचिंतकों को लेकर तत्काल थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह को जानकारी दी जिसपर प्रभारी निरीक्षक श्री सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और मुकदमा दर्ज कर धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति की छानबीन कर जानकारी जुटाने में जुट गए हैं। उन्होंने तत्काल चिकित्सक डॉ मन्ना लाल गुप्ता के आवास सहित मेडिकल स्टोर पर पुलिस गश्त बढ़ा दी।
इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हर स्तर पर छानबीन शुरू कर दी गई है शीघ्र ही आरोपी की पहचान कर ली जायेगी।
