वाराणसी
नगर आयुक्त ने जलकल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर चेतावनी
वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को भेलूपुर स्थित जलकल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पटल सहायकों के कार्यों का जायजा लिया और कार्यालय में रखे सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर को स्वच्छता के मामले में आदर्श बनाने पर जोर देते हुए स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की और इस संबंध में कड़ा रुख अपनाया। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता तथा अवर अभियंता स्तर पर ऑनलाइन आईजीआरएस एवं अन्य शिकायतों के अनावश्यक रूप से लंबित रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
