Connect with us

मनोरंजन

मेकर्स की खामोशी के बीच लीक हुआ Golmaal 5 का सबसे बड़ा राज

Published

on

मुंबई। फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी की बहुचर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी ‘गोलमाल 5’ को लेकर लगातार नए संकेत सामने आ रहे हैं। हाल ही में आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि इस फिल्म में अक्षय कुमार विलेन की भूमिका निभा सकते हैं, हालांकि इस पर अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच फिल्म से जुड़ी एक और बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसके अनुसार करीना कपूर खान को फिल्म की लीड एक्ट्रेस के तौर पर फाइनल कर लिया गया है।

बताया जा रहा है कि ‘गोलमाल 5’ में अजय देवगन के साथ एक बार फिर करीना कपूर खान की जोड़ी देखने को मिलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक करीना कपूर खान फिल्म में अहम भूमिका निभाएंगी, हालांकि डेट्स से जुड़े कारणों के चलते औपचारिक प्रक्रिया में थोड़ा समय लग रहा है। रोहित शेट्टी और अजय देवगन दोनों ही करीना कपूर खान को इस प्रोजेक्ट में कास्ट करने के इच्छुक हैं, वहीं अभिनेत्री भी गोलमाल फ्रेंचाइजी में वापसी को लेकर उत्साहित बताई जा रही हैं।

करीना कपूर खान इससे पहले वर्ष 2010 में आई ‘गोलमाल 3’ में अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं। यही वजह है कि मेकर्स उन्हें एक बार फिर इस लोकप्रिय सीरीज में शामिल करने के लिए प्रयासरत हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर खान और अजय देवगन अब तक ‘ओमकारा’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’, ‘गोलमाल 3’, ‘सत्याग्रह’, ‘सिंघम रिटर्न्स’ और ‘सिंघम अगेन’ समेत छह फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। इसके अलावा ‘एलओसी कारगिल’ और ‘युवा’ में दोनों कलाकार एक ही फिल्म का हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने साथ में स्क्रीन स्पेस साझा नहीं किया था। वहीं ‘हल्ला बोल’ में करीना कपूर खान अजय देवगन की फिल्म में कैमियो करती नजर आई थीं।

खास बात यह है कि अजय देवगन, अक्षय कुमार और करीना कपूर खान ने अब तक किसी भी फिल्म में एक साथ काम नहीं किया है। ऐसे में यदि सभी कलाकार ‘गोलमाल 5’ का हिस्सा बनते हैं, तो यह पहली बार होगा जब ये तीनों एक ही फिल्म में नजर आएंगे। ‘गोलमाल 5’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है और नए अपडेट्स ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page