Connect with us

मिर्ज़ापुर

SIR में शिकायत को लेकर सपा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम काटने का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

मीरजापुर। समाजवादी पार्टी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में किया गया, जहां जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

इस दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा जनपद की सभी विधानसभा सीटों में समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।सपा नेताओं का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र 395 छानबे में पोलिंग बूथ संख्या 42 के लगभग 80 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 भरकर ईआरओ कार्यालय में जमा किए गए हैं और इस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

इसी प्रकार नगर विधानसभा क्षेत्र 396 के पोलिंग बूथ संख्या 17 व 18, मझवां विधानसभा क्षेत्र 397 के पोलिंग बूथ संख्या 99 से 102, चुनार विधानसभा क्षेत्र 398 के कई बूथों तथा मड़िहान विधानसभा क्षेत्र 399 के विभिन्न पोलिंग बूथों पर भी बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं के नाम काटने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया।

जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है, वे सभी अपने दर्ज पते पर स्थायी रूप से निवास कर रहे हैं और उनके नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ-साथ वर्तमान ड्राफ्ट सूची में भी दर्ज हैं।

इसके बावजूद सुनियोजित तरीके से फार्म-7 भरकर नाम हटाने की कार्रवाई कराई जा रही है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले से मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश को अवगत करा दिया गया है और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न किए जाने की मांग की।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page