गोरखपुर
सड़क सुरक्षा पर युवाओं की हुंकार: मण्डल स्तरीय प्रतियोगिता में दिखा जागरूक भारत
गोरखपुर। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर आयोजित मण्डल स्तरीय प्रतियोगिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि आज का युवा केवल डिग्री तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारियों को भी गंभीरता से समझ रहा है। दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय, सहजनवा में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भाषण, नुक्कड़ नाटक और रील प्रतियोगिताओं के माध्यम से सड़क सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गोरखपुर संजय कुमार झा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर उदयभान एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विनोद कुमार पाल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि संजय कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि “सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि जीवन से जुड़ा एक अत्यंत गंभीर विषय है। अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं तकनीकी कारणों से नहीं, बल्कि नियमों की अनदेखी, तेज रफ्तार, हेलमेट व सीट बेल्ट न पहनने और असावधानी से होती हैं। यदि हम नियमों का पालन करें तो हजारों जानें बचाई जा सकती हैं।”
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर उदयभान ने कहा कि “सड़क सुरक्षा जैसे विषय पर विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि शिक्षा अब समाज की समस्याओं से जुड़कर समाधान प्रस्तुत कर रही है। युवा पीढ़ी नियम, अनुशासन और मानव जीवन के मूल्य को भली-भांति समझ रही है।”
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रोफेसर विनोद कुमार पाल ने कहा कि “विद्यार्थी जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। समाज के प्रति उत्तरदायित्व का बोध कराना शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य है और यह प्रतियोगिता उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।”
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार है –
रील प्रतियोगिता
प्रथम – श्री कृष्णा (बीकॉम, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, महाराजगंज)
द्वितीय – सत्यम (बीए, राजकीय महाविद्यालय इंदूपुर, देवरिया)
तृतीय – सृष्टि दूबे (बीएससी, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर)
भाषण प्रतियोगिता
प्रथम – वासु प्रसाद गौड़ (एमकॉम, बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुशीनगर)
द्वितीय – प्रद्युम्न दुबे (बीएड, दिग्विजय नाथ पीजी कॉलेज, गोरखपुर)
तृतीय – आदर्श पांडेय (बीए, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, महाराजगंज)
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता
प्रथम – प्रियांशी गोंड के नेतृत्व में टीम, राजकीय महाविद्यालय ढाढ़ा बुजुर्ग, कुशीनगर
द्वितीय – सत्यम के नेतृत्व में टीम, राजकीय महाविद्यालय इंदूपुर, देवरिया
तृतीय – चांदनी परवीन के नेतृत्व में टीम, सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कौशल किशोर तिवारी ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सड़क सुरक्षा अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. तरन्नुम बानो ने प्रस्तुत किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
