गोरखपुर
पुलिस ने अवैध शस्त्र के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार
गोरखपुर। जिले के गीडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने अवैध शस्त्र के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दस हजार रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना गीडा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमलेश प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ कार्रवाई में शामिल रहे।
पुलिस टीम ने अभियुक्त धीरज साहनी (पुत्र मोहन, निवासी एकला बाजार, थाना गीडा, गोरखपुर) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 0.32 बोर की एक अवैध देशी पिस्टल, 0.32 बोर का एक जिंदा कारतूस, दस हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस संबंध में थाना गीडा पर मुकदमा संख्या 43/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त धीरज साहनी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में थाना गीडा में आर्म्स एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज है, वहीं वर्ष 2016 में थाना बेलीपार में आईपीसी की विभिन्न धाराओं में भी मुकदमा पंजीकृत रहा है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमलेश प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रामवृक्ष तथा कांस्टेबल कृष्ण कुमार गुप्ता शामिल रहे।
