गोरखपुर
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, एसडीएम गोला ने पकड़ा मिट्टी लदा डंपर
गोरखपुर। गोला क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। अवैध खनन में लिप्त वाहनों के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार देर रात तहसील प्रशासन ने मिट्टी लदे एक डंपर को पकड़कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की है।
प्राप्त विवरण के अनुसार मंगलवार की रात करीब 10 बजे, अवैध खनन के खिलाफ अभियान के तहत एसडीएम गोला अमित कुमार जयसवाल नायब तहसीलदार रामाकांत चौहान के साथ क्षेत्र में भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान तहसील प्रशासन को सूचना मिली कि अवैध खनन में लिप्त एक डंपर गोला से कौड़ीराम सड़क मार्ग पर रानीपुर गांव की ओर जा रहा है।
सूचना के आधार पर जब तहसील प्रशासन ने डंपर को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन प्रशासनिक टीम ने पीछा कर नगर पंचायत रानीपुर के पास डंपर को पकड़ लिया। चालक से खनन से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसडीएम गोला के निर्देश पर डंपर को तहसील प्रांगण में लाकर खड़ा करा दिया गया और खनन में लिप्त वाहन के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी महोदय को भेज दी गई है। नायब तहसीलदार रामाकांत चौहान ने बताया कि मंगलवार देर रात पकड़े गए मिट्टी लदे डंपर के चालक द्वारा खनन से संबंधित कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया, जिसके चलते वाहन को तहसील परिसर में निरुद्ध किया गया है।
इससे पहले भी अवैध खनन में लिप्त एक डंपर को पकड़ने के दौरान तहसील प्रशासन की टीम पर डंपर चालक द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मुकदमा दर्ज हो चुका है। उस घटना के बाद से तहसील प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ और अधिक सख्ती के साथ कार्रवाई में जुट गया है। वहीं तहसील प्रशासन की इस लगातार कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
