गाजीपुर
नंदगंज पुलिस ने दो पेशेवर अपराधी दबोचे
नंदगंज (गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदगंज पुलिस ने बीती रात दो पेशेवर अपराधियों को अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों पर गाजीपुर सहित आसपास के जनपदों में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि रविवार की रात उपनिरीक्षक सन्तोष कुमार यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजकुमार शुक्ल, मुख्य आरक्षी अनिल वर्मा तथा आरक्षी विनय नायक की टीम मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान टीम ने समय करीब 22.44 बजे मुड़रभा नहर पुलिया के पास से दो मित्र अपराधी राहुल दूबे उर्फ श्याम नारायण दूबे पुत्र केदार दूबे निवासी करण्डा बाजार, थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर (उम्र 31 वर्ष) तथा चन्द्रशेखर चौहान पुत्र अवध नारायण चौहान निवासी वार्ड नंबर 13 अलीनगर, थाना अलीनगर, जनपद चन्दौली (उम्र 32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक देशी तमंचा .315 बोर तथा एक-एक जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया।
इस संबंध में नंदगंज थाना में मु0अ0सं0 21/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त राहुल दूबे पर गाजीपुर जनपद सहित वाराणसी व चन्दौली जनपद के विभिन्न थानों में विभिन्न संगीन धाराओं में कुल 19 मुकदमे पंजीकृत हैं। वहीं दूसरे अभियुक्त चन्द्रशेखर चौहान पर गाजीपुर जनपद सहित चन्दौली, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र तथा गाजियाबाद के विभिन्न थानों में विभिन्न संगीन धाराओं में कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि दोनों अभियुक्त पिछले 12-13 वर्षों से साथ-साथ अपराध की दुनिया में सक्रिय रहकर जुर्म करते रहे हैं।
थानाध्यक्ष के अनुसार इन दोनों ने नंदगंज बाजार से 12 जनवरी 26 को एक बाइक चोरी की थी। इस वारदात में राहुल दूबे अपने पिता के नाम से खरीदी बाइक के साथ दोनों बाइक चोरी करने पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज के जरिए इनके पिता की बाइक का पता चलने पर दोनों की पहचान हो गई थी। बाद में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुड़रभा नहर पुलिया के पास से इन्हें दबोच लिया। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल दूबे छह साल पहले छत्तीसगढ़ जेल से बाहर आया था, जबकि चन्द्रशेखर चौहान दिसंबर 25 में मिर्जापुर जेल से बाहर आया है।
पुलिस ने दोनों पेशेवर अपराधियों के कब्जे से एक-एक देशी तमंचा .315 बोर तथा दो जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद किए हैं।
