गोरखपुर
डिवाइडर से टकरा कर बाइक सवार युवक की मौत
गोलाबाजार (गोरखपुर)। बड़हलगंज क्षेत्र में फोरलेन ओझौली के पास सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमीर पुत्र अब्दुल बारी (29 वर्ष) निवासी घोसी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमीर किसी कार्य से बड़हलगंज आया हुआ था और काम निपटाने के बाद मोटरसाइकिल से वापस घोसी लौट रहा था।
इसी दौरान सरयू तट स्थित ओझौली के पास मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराने के बाद युवक घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज ले जाया गया, जहां डाक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मृतक युवक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कुछ काम से बड़हलगंज आया था।
थानाध्यक्ष सुनिल राय ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
