गोरखपुर
मौनी अमावस्या पर गोला में श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
गोलाबाजार (गोरखपुर)। मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर रविवार को छोटी अयोध्या के नाम से प्रसिद्ध गोला क्षेत्र में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर तड़के सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू में श्रद्धा की डुबकी लगाई।
प्राप्त विवरण के अनुसार शनिवार शाम से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों पर जुटने लगी थी। भोर होते ही घाटों पर स्नान, पूजा-अर्चना और आरती का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने स्नान के उपरांत गऊदान किया तथा पुण्य लाभ अर्जित किया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रद्धालुओं ने उपनगर व प्रमुख चौराहों पर लगे मेलों का आनंद उठाया।
मेले में स्नान को आई महिला श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार सुहाग का प्रतीक सिंदूर, चूड़ी व बिंदी की जमकर खरीदारी की। वहीं प्रसाद के रूप में लाई, चना व गट्टा की दुकानों पर भी खासा उत्साह देखा गया। सरयू तट से लेकर नगर की प्रमुख सड़कों के दोनों ओर लगी दुकानों पर भारी भीड़ रही।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा में नगर पंचायत प्रशासन के साथ समाजसेवी शत्रुघ्न कसौधन, गिरधारी लाल स्वर्णकार, अशोक वर्मा सहित कई लोग सक्रिय रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गोला पुलिस टीम के साथ पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। मौनी अमावस्या के अवसर पर गोला क्षेत्र के बेवरी श्याम घाट, गोला पक्का घाट, बारानगर, बिसरा, मौर्य घाट, हनुमानगढ़ी घाट, रामामऊ, शिवपुर, तुर्कवलिया, बांहपुर, मेहड़ा, नरहन, भर्रोह एवं बरहज समेत दर्जनों घाटों पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
