Connect with us

गाजीपुर

25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। जिला कारागार गेट के पास से एक सप्ताह पहले हथकड़ी से हाथ छुड़ाकर फरार हुए आरोपी चोर लालबाबू मौर्या को मरदह व बिरनो की संयुक्त पुलिस टीम ने बीती रात गोविन्दपुर कीरत गांव के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी के पास से एक तमंचा, एक कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है। आरोपी के ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित था।

कासिमाबाद सीओ अनुभव राजर्षि ने बताया कि आठ जनवरी की रात कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के वेदबिहारी-भड़सर मार्ग पर चौरा गांव निवासी राजन वाराणसी से दवा कराकर लौट रहे थे। बेदबिहारी पोखरा के रास्ते घर जाते समय बाइक सवार चोर लालबाबू मौर्या और पुनीत राय ने उनका बैग छीनने की कोशिश की और फरार होने लगे। पीड़ित ने पृथ्वीपुर में अपने रिश्तेदारों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने पृथ्वीपुर गांव के पास घेराबंदी कर बंका खास निवासी लालबाबू मौर्या और भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर कला निवासी पुनीत राय को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची मरदह पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों के पास से एक रिवाल्वर 32 बोर, दो मोबाइल फोन, दो पर्स में सोने के आभूषण और चोरी की तीन बाइक बरामद हुई थीं। इसके बाद 10 जनवरी को दोनों को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया। रिमांड के बाद पुलिस उन्हें जिला कारागार में दाखिल कराने ले जा रही थी, इसी दौरान लालबाबू मौर्या पुलिस टीम को चकमा देकर हथकड़ी से हाथ छुड़ाकर भाग निकला था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की थीं। सीओ ने बताया कि मरदह की प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव और बिरनो थानाध्यक्ष अजय यादव पुलिस बल के साथ भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर गोविंदपुरकीरत के पास घेराबंदी की गई, जहां मुठभेड़ में फरार आरोपी लालबाबू मौर्या को पकड़ लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे घुटने के नीचे दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक लालबाबू मौर्या के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संगीन धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कासिमाबाद थाने में छह और मरदह थाने में दो प्राथमिकी दर्ज बताई गई हैं।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page