वाराणसी
जमीन सौदे में 28 लाख लेकर पलटा विक्रेता, केस दर्ज
वाराणसी। कविरामपुर गांव निवासी अजय कुमार सिंह के साथ जमीन खरीद के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक फूलपुर थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव निवासी सुरेंद्र पटेल से पांच बिस्वा जमीन का सौदा 6 लाख 50 हजार रुपये प्रति बिस्वा की दर से तय हुआ था। आरोप है कि अजय कुमार सिंह ने सौदे के दौरान आठ लाख रुपये अग्रिम दिए, जबकि शेष 20 लाख रुपये बैनामा होने से पहले आरटीजीएस के जरिए भू-स्वामी के खाते में भेज दिए। इस प्रकार कुल 28 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
बताया गया कि बैनामे की तिथि 16 अक्टूबर 2025 निर्धारित थी। तय दिन पर विक्रेता से संपर्क करने पर उसने पत्नी की बीमारी का कारण बताकर रजिस्ट्री टाल दी। इसके बाद पीड़ित को जानकारी मिली कि सुरेंद्र पटेल ने उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति को सट्टा कर दी है। वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।
