गोरखपुर
आरपीएफ जवान के सूने घर पर धावा, कार से आए चोरों ने उड़ाए लाखों
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने कानून के रक्षक के ही घर को निशाना बनाकर खजनी रोड स्थित भिलौरा खुर्द देर रात आरपीएफ में तैनात जवान के सूने मकान से लाखों की चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोर करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात, एलईडी टीवी और भरा हुआ गैस सिलिंडर तक उठा ले गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की बेखौफ हरकतें साफ नजर आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से संतकबीरनगर जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाय बसंतपुर निवासी राम आशीष यादव वर्तमान में पत्नी और बच्चों के साथ भिलौरा खुर्द गांव में रहते हैं। राम आशीष आरपीएफ में तैनात हैं। शुक्रवार की देर रात करीब 1:50 बजे एक स्विफ्ट कार से चार युवक उनके घर के बाहर पहुंचे। कुछ ही पलों में चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और आराम से घर के अंदर दाखिल हो गए।
घर के भीतर घुसते ही चोरों ने सीधे अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है, समेट लिए। यही नहीं, चोर जाते-जाते एलईडी टीवी और रसोई में रखा भरा हुआ गैस सिलिंडर भी उठा ले गए। वारदात के वक्त पूरा घर खाली था, जिसका फायदा उठाकर चोर इत्मीनान से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची गीडा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में स्विफ्ट कार और चार संदिग्ध युवक स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के सहारे चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, इस वारदात के बाद क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है
आरपीएफ जवान के घर हुई इस चोरी ने साफ कर दिया है कि चोर अब किसी से नहीं डर रहे—न वर्दी से, न कानून से। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी का कितना जल्द खुलासा कर पाती है।
