गोरखपुर
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का गोरखपुर दौरा आज
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह 11 जनवरी 2026 (रविवार) को गोरखपुर के एक दिवसीय भ्रमण पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर पर्यटन विभाग द्वारा विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मंत्री का यह दौरा गोरखपुर महोत्सव 2026 और पर्यटन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के दृष्टिगत काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार मंत्री श्री जयवीर सिंह 11 जनवरी की सुबह 8 बजे लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से प्रस्थान करेंगे। वे सुलतानपुर रोड होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के माध्यम से लगभग 12 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे।
दोपहर 12 बजे गोरखपुर सर्किट हाउस पहुंचने के बाद मंत्री 12:30 बजे वहां से प्रस्थान करेंगे और 12:45 बजे नौकाविहार स्थित होटल मैरियट पहुंचेंगे। कुछ समय के विश्राम के पश्चात वे 1 बजे चम्पादेवी पार्क, रामगढ़ताल पहुंचेंगे, जहां आयोजित गोरखपुर महोत्सव 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी गोरखपुर द्वारा किया जा रहा है।
महोत्सव कार्यक्रम के बाद मंत्री अपराह्न 2:20 बजे वहां से प्रस्थान कर 2:30 बजे पुनः होटल मैरियट पहुंचेंगे। यहां मीडिया द्वारा आयोजित गोरखपुर की उड़ान विषयक कार्यक्रम में वे प्रतिभाग करेंगे, जिसमें पर्यटन विकास और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इस मीडिया कार्यक्रम का संचालन जी न्यूज के एडिटर श्री रमेश चंद्र द्वारा किया जाएगा।
मीडिया संवाद के उपरांत मंत्री अपराह्न 3 बजे गोरखपुर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे और सायं लगभग 7 बजे लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पहुंचेंगे।
मंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा को कार्यक्रम की सूचना प्रेषित कर दी गई है, ताकि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। मंत्री के गोरखपुर आगमन से पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
