गोरखपुर
पुलिस की मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, हथियार व लूटा गया माल बरामद
गोरखपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थाना एम्स पुलिस तथा एसओजी टीम ने डकैती के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना एम्स पर दर्ज मुकदमा संख्या 06/2026, धारा 309(6) और 351(3) बीएनएस से संबंधित है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में रामरक्षा उर्फ तेजू यादव और देवेन्द्र निषाद उर्फ दयानन्द उर्फ दयान उर्फ डायना शामिल हैं। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त रामरक्षा उर्फ तेजू यादव द्वारा पुलिस टीम पर फायर किया गया, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और वह घायल हो गया। वहीं दूसरा अभियुक्त देवेन्द्र निषाद मोटरसाइकिल से भागने के प्रयास में पेड़ से टकराकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त रामरक्षा उर्फ तेजू यादव को सदर अस्पताल गोरखपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, दो जिन्दा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर, कुल 50 हजार रुपये नकद, डकैती से संबंधित आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धारा 309(6) बीएनएस को धारा 310(2) बीएनएस में तरमीम किया गया तथा धारा 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। इसके अतिरिक्त थाना एम्स पर एक अन्य मुकदमा संख्या 09/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 5 जनवरी 2026 की है, जब वादी ने थाना एम्स पर सूचना दी थी कि दो मोटरसाइकिलों से आए चार अज्ञात व्यक्तियों ने असलहे के बल पर उसके घर में घुसकर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए आलमारी में रखे आभूषण, परिवार के सदस्यों द्वारा पहने गए आभूषण जिनकी कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई गई, तथा चार लाख रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर वादी के सिर पर असलहे के बट से वार किया गया था। इस सूचना के आधार पर थाना एम्स पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने लूट के माल का बंटवारा कर रहे अभियुक्तों को घेर लिया। इसी दौरान मुठभेड़ की स्थिति बनी और दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक रामरक्षा उर्फ तेजू यादव, पुत्र जयहिन्द यादव, निवासी ग्राम विस्तारनगर गिदहवा बरगदवा थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के पास से एक देशी तमंचा, कारतूस, 30 हजार रुपये नकद और पीली धातु के आभूषण बरामद किए गए। वहीं देवेन्द्र निषाद उर्फ दयानन्द उर्फ दयान उर्फ डायना, पुत्र हरीलाल, निवासी ग्राम रामगढ़ उर्फ रजही टोला रमसरिया थाना एम्स जनपद गोरखपुर के कब्जे से पीली धातु के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस पूरी कार्रवाई में थाना एम्स और एसओजी टीम के कई अधिकारियों और पुलिसकर्मी शामिल रहें। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
