वाराणसी
कांग्रेस स्थापना दिवस पर बूथ स्तर को मज़बूत करने का संकल्प
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोहराया लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प
वाराणसी | देश की आज़ादी से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक निरंतर संघर्ष, त्याग और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने वाली भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर वाराणसी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के गौरवशाली इतिहास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मज़बूत करने का संकल्प लिया गया।
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय पर ध्वजारोहण कर विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। ध्वजारोहण जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने देश की आज़ादी, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस के योगदान को स्मरण करते हुए संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।
इसी क्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष स्वर्गीय चंद्रमोहन पांडेय की पुण्यतिथि मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि दी और उनके संगठनात्मक योगदान, संघर्षशील व्यक्तित्व तथा पार्टी के प्रति समर्पण को याद किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा बूथ स्तरीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वरिष्ठ आईएएस प्रवीण प्रकाश ने दिया। इस दौरान शहरी क्षेत्र की तीनों विधानसभा सीटों कैंट, दक्षिणी और उत्तरी के बूथ लेवल एजेंटों को संगठन सुदृढ़ीकरण, मतदाता संपर्क, चुनावी रणनीति और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल देश की सबसे पुरानी पार्टी ही नहीं, बल्कि आज़ादी की लड़ाई से लेकर संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती तक हर मोर्चे पर संघर्ष और जनसेवा की मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और आम जनता के अधिकारों पर संकट के हालात हैं, ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करना कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं की आवाज़ बनना होगा। आने वाले समय में कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थापना दिवस का यह आयोजन संगठन में नई ऊर्जा, उत्साह और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बना।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, अरुण सोनी, वकील अंसारी, सुनील श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया, संजय प्रियदर्शी, अरविन्द पटेल, हसन मेहदी कब्बन, तुफैल अंसारी, राजेन्द्र गुप्ता, बेलाल अहमद, नरसिंह वर्मा, वंदना चौरसिया, शमसाद खां, साजिद अंसारी, कुँवर बबलू बिन्द, आकाश त्रिपाठी, रामजी गुप्ता, किशन यादव, अनिल पटेल सहित सैकड़ों बूथ एजेंट मौजूद रहे।
