Connect with us

वाराणसी

वोट चोरी के आरोप पर कांग्रेस का विरोध, कई कार्यकर्ता हिरासत में

Published

on

वाराणसी। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को सर्किट हाउस के पास विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई युवा कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।

सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता सर्किट हाउस में एकत्रित हो गए थे। वहीं युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु को सर्किट हाउस के अंदर रोके जाने से उनकी गिरफ्तारी की आशंका पहले से जताई जा रही थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के कार्यकर्ता एयरपोर्ट ( लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा) पर पुलिस को चकमा देकर वहां पहुंचे थे।

प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई और वोट चोरी जैसे मुद्दों की ओर आकृष्ट करना था। युवा कांग्रेस (पूर्वी जोन) ने “वोट चोर गद्दी छोड़ – SIR बंद करो – बेरोजगारी हटाओ” जैसे नारे लगाते हुए जनाक्रोश मार्च एवं रैली का आयोजन किया था। कार्यक्रम स्थल शास्त्री घाट, कचहरी निर्धारित था, जहां जनाक्रोश सभा के बाद रवींद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय के घेराव का प्रस्ताव था।

इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने सर्किट हाउस के भीतर प्रवेश का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये कदम उठाए गए। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन में भरकर भेजा गया।

कांग्रेस ने इस कार्रवाई की निंदा की है और इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है। पार्टी प्रवक्ता का कहना है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकार ऐसे कदम उठा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

Advertisement

घटना के बाद पुलिस ने सर्किट हाउस के बाहर सुरक्षा और कड़ी कर दी। प्रदर्शन के चलते राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की है। यह घटना न सिर्फ युवा कांग्रेस बल्कि पूरे विपक्ष के लिए चर्चा का विषय बन गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page