गाजीपुर
ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन
भांवरकोल (गाजीपुर)। कम्पोजिट विद्यालय जसदेवपुर, विकास खण्ड भांवरकोल में गुरुवार को 72वीं ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा मुख्य अतिथि तथा खंड विकास अधिकारी भांवरकोल महेन्द्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला व्यायाम शिक्षक अश्वनी कुमार राय, प्राथमिक शिक्षक संघ गाजीपुर के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह यादव, मंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश यादव समेत कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रांगण में अतिथियों का स्वागत बुके व स्मृति चिन्ह देकर किया गया। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
खंड शिक्षा अधिकारी रवीन्द्र सिंह ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास की आधारशिला हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।

ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, दौड़ आदि खेलों में उतरे और शानदार प्रदर्शन किया। प्राप्त परिणाम निम्नानुसार रहे—
उच्च प्राथमिक स्तर (खो-खो) : बालक वर्ग में न्याय पंचायत गोडऊर प्रथम, बालिका वर्ग में सियाड़ी प्रथम
प्राथमिक स्तर (खो-खो) : बालक और बालिका दोनों वर्गों में सियाड़ी प्रथम
कबड्डी (उच्च प्राथमिक) : बालक वर्ग में सुखडेहरा प्रथम, बालिका वर्ग में अवथही प्रथम
कबड्डी (प्राथमिक) : बालक वर्ग में अमरूपुर प्रथम, बालिका वर्ग में गोडऊर न्याय पंचायत प्रथम
प्रतियोगिता की सफलता पर खंड शिक्षा अधिकारी भांवरकोल ने सभी शिक्षकगणों, खेल प्रशिक्षकों, विद्यालय स्टाफ, रंगोली टीम और सहयोगी दल का आभार व्यक्त किया। विजेता व उपविजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि द्वारा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह यादव, गेम टीचर विन्देश प्रजापति, विद्यालय प्रभारी मिथिलेश राय सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम संचालन मु. आलिम हुसैन, राहुल अग्रवाल एवं पंकज पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर रामशंकर यादव, त्रिपुरारी यादव, अमित राय, नसीम अंसारी, दिनेश राय, शशिभूषण श्रीवास्तव, अम्बिका राम, राकेश राय, सलाहुद्दीन शाह, रामानंद यादव, रितु राय, प्रतिमा चौरसिया, आस्था वर्मा समेत सैकड़ों शिक्षक और बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
