गोरखपुर
खजनी: महुआडाबर चौकी के पास भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर चौकी के पास सोमवार रात लगभग 9 बजे दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में चार युवकों में से अखिलेश (24) पुत्र लक्ष्मण, निवासी भगवानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार संदीप यादव (25) पुत्र सुभाष यादव, निवासी उनवल वार्ड नंबर 2 गंभीर रूप से घायल हुए हैं, उनकी दोनों टांगें टूट गईं। अन्य दो युवक मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने घायल युवकों को जिला अस्पताल पहुँचाया। महुआडाबर चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह और गश्त पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अस्पताल भेजवाया। पुलिस के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण दोनों बाइक की तेज रफ्तार और सड़क पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है।
दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेजा गया।अस्पताल प्रशासन ने घायल संदीप यादव की हालत गंभीर बताई है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
दोनों बाइक HF Deluxe मॉडल की थीं, जिनके नंबर क्रमशः UP 53 EY 9201 और UP 53 DU 8129 हैं। मृतक अखिलेश UP 53 EY 9201 वाहन चला रहा था।हादसे ने स्थानीय समुदाय में शोक और चिंता का माहौल बना दिया है। मृतक के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि घायल संदीप की जान बचाने के लिए अस्पताल में हरसंभव प्रयास जारी हैं। पुलिस व प्रशासन मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
