गोरखपुर
समस्या होगी तो शासन पहुंचेगा आपके द्वार, सीओ खजनी ने महिलाओं को दिलाया भरोसा
गोरखपुर। ग्राम पंचायत खुटहना में महिला सशक्तिकरण अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत “नारी शक्ति संग संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खजनी शिल्पा कुमारी ने महिलाओं से संवाद करते हुए शासन की योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी विस्तार से दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी महिला को समस्या होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कॉल करना चाहिए, जिससे तुरंत समाधान मिलेगा। सीओ ने भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन हमेशा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देता है। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल कर खाता ब्लॉक कराना चाहिए।
स्वास्थ्य आपात स्थितियों के लिए 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं की जानकारी भी दी गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट रुद्र प्रताप सिंह ने इस संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।
