गोरखपुर
खजनी तहसील में लम्पी स्किन डिजीज और बुखार जनित रोगों का कहर
लाखों की कीमत वाली गायों की मौत, पशुपालक संकट में, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
खजनी (गोरखपुर)। खजनी तहसील क्षेत्र में पशुओं पर लम्पी स्किन डिजीज और बुखार जनित रोगों का कहर टूट पड़ा है। पिछले 13 सितंबर से सेमरडाडी और आसपास के गांवों में स्थिति बेहद भयावह रही। अचानक फैल रही बीमारी से पशु तड़प-तड़प कर दम तोड़ रहे हैं और पशुपालकों के सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है।सेमरडाडी की लक्ष्मी गौड़ की लाखों की कीमत वाली गाय कुछ ही घंटों में मौत के मुंह में समा गई।
इसी तरह पशुपालक अवधेश मिश्र की गाय गंभीर रूप से बीमार है। उनके परिवारजन बताते हैं कि डॉक्टर उपलब्ध होते तो जान बच सकती थी, लेकिन क्षेत्र में पर्याप्त पशु चिकित्सक नहीं हैं।पशुपालकों में गुस्सा इस कदर है कि लोग विभागीय पशु चिकित्सकों को खुले शब्दों में कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। एक ग्रामीण किसान ने कहा, “पशु अस्पताल सिर्फ नाम का है। डॉक्टर और अधिकारी फाइलों में ही घूमते हैं। गांवों में उनका नाम तक सुनाई नहीं देता।”
पशुपालक प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि और नुकसान रोका जा सके। स्थानीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द उपाय किए जाएंगे।
