गोरखपुर
बाबा बामेश्वर नाथ मंदिर परिसर में भव्य स्वच्छता अभियान
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सफाई पखवाड़ा अभियान के तहत गुरुवार को बाबा बामेश्वर नाथ मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में शक्ति केंद्र संयोजक रमेश चंद्र पांडेय, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र कुमार शुक्ला, मनोज कुमार शुक्ला, सच्चिदानंद शुक्ला, ग्राम प्रधान बुदहट संजय शुक्ला, रामदास मौर्य, प्रहलाद यादव और आनंद राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। युवा और नव युवक मंगल दल के सदस्य मंदिर प्रांगण, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में जुटे।
सफाई अभियान की शुरुआत मंदिर प्रांगण से हुई। झाड़ू, कुदाल और टोकरी लेकर युवाओं ने नालियों की सफाई की, कचरा हटाया और आसपास का वातावरण साफ किया। बुजुर्ग नागरिकों ने भी इसमें सहयोग कर अभियान को और उत्साही बनाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि जीवन शैली का हिस्सा होनी चाहिए।गांववासियों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाएंगे और किसी भी सार्वजनिक स्थल पर गंदगी नहीं फैलने देंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर ‘स्वच्छ भारत-समृद्ध भारत’ का नारा लगाया।
