चन्दौली
जीवित्पुत्रिका पर्वः व्रती महिलाओं ने भगवान जीउतबन्धन की पूजा कर की संतान के दीर्घायु की कामना
नगर पंचायत स्थित सावजी पोखरा, श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर व मां काली पोखरा पर रही आस्थावानों की भीड़
चंदौली। संतान की लम्बी आयु का पर्व जीवित्पुत्रिका पूरे जनपद सहित नगर पंचायत में हर्षोल्लास के साथ श्रद्धापूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न हो गया। जितिया पर्व को लेकर प्रातःकाल से ही नगर के बाजारों में फल, फूल, गन्ना सहित पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। वहीं सायंकाल तीन बजे से ही व्रती महिलाएं अपने प्रियजनों संग विभिन्न तालाब, सरोवर व मंदिर पर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान जीउतबन्धन की पूजा-अर्चना कर कथा का श्रवण किया।

विदित हो कि जीवित्पुत्रिका के पर्व को लेकर रविवार की प्रातःकाल से ही लोगों में उल्लास रहा। माताएं पुत्र की लम्बी आयु के लिए निर्जला व्रत रखकर भगवान की उपासना करती रहीं। सायंकाल गाजे-बाजे के साथ नगर पंचायत स्थित सावजी पोखरा, मां काली पोखरा, श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर पर एकत्रित होने लगीं। तत्पश्चात गन्ना को बीच में रखकर घेरा बनाकर भगवान जीउतबन्धन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संतान के दीर्घायु की कामना की। साथ ही भगवान की कथा का श्रवण किया। इस दौरान पोखरा तालाब व मंदिर परिसर पर मेले जैसा दृश्य बना रहा। सुरक्षा को लेकर एसपी के आदेश पर पुलिस प्रशासन के लोग लगातार चक्रमण करते रहे। वहीं मां काली पोखरा व सावजी पोखरा पर लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैनात रहे।
इस मौके पर चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू, ईओ, लिपिक इकबाल अंसारी, सभासद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, सभासद संजय कनौजिया, संतोष गुप्ता, प्रशांत चौरसिया, राहुल चौरसिया, शेखर चौरसिया, पत्रकार गणेश प्रसाद गुप्ता, विमलेश अग्रहरि, सभासद राजेश एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
