वाराणसी
सुपाड़ी फैक्ट्री पर एसजीएसटी की छापेमारी, कई कर्मचारी फरार
करोड़ों की टैक्स चोरी की जांच
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित एक सुपाड़ी फैक्ट्री पर बुधवार को स्टेट जीएसटी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। अधिकारियों को देखते ही फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
यह छापेमारी चंदापुर पुलिस चौकी के पास कृष्ण कांत पांडेय उर्फ पम्मी पांडेय के स्वामित्व वाली फैक्ट्री पर की गई। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 राम प्रकाश के नेतृत्व में एसजीएसटी की तीन टीमों ने एक साथ फैक्ट्री और उसके तीन गोदामों पर कार्रवाई की। कुल 15 अधिकारियों की टीम दोपहर करीब 1:30 बजे से दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी है। फैक्ट्री पर करोड़ों रुपये के टैक्स चोरी का आरोप है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों को पहले से कुछ अहम सुराग मिले थे, जिनके आधार पर यह छापा डाला गया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए ताकि कोई भी सूचना बाहर न जा सके। इसी बीच फैक्ट्री से साइड दरवाजे से भाग रहे कर्मचारियों का वीडियो बना रहे एक पत्रकार से कुछ कर्मचारियों ने अशोभनीय व्यवहार किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि कंपनी के पास आधा दर्जन से अधिक गोदाम हैं। छापे की खबर फैलते ही कई गोदामों के कर्मचारी शटर गिराकर फरार हो गए। फिलहाल विभागीय अधिकारी जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा करने से बच रहे हैं।
