Connect with us

चन्दौली

भारी बारिश से प्रभावित गांवों में राणा सिंह ने की लोगों से मुलाकात, राहत सामग्री की वितरित

Published

on

Loading...
Loading...

बबुरी (चंदौली)। जनपद में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। चंद्रप्रभा नदी और गढ़ई नदी उफान पर हैं, जिससे इन दोनों नदियों का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। विशेष रूप से बबुरी थाना क्षेत्र के पटनवा, चितौड़ी, सिरकुटिया, दूदे, चोरमरवा, छलका, करेमुआ सहित आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।

ग्रामीणों के घरों में पानी भर गया है, जिससे उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गई हैं और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में काफी कठिनाई हो रही है। लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। बाढ़ से प्रभावित गांवों में तत्काल सहायता के लिए बाढ़ राहत बूथ स्थापित किए गए हैं। प्रशासन द्वारा बताया गया है कि इन बूथों के माध्यम से पीड़ितों को भोजन, पेयजल, दवाएं और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

स्थानीय पुलिस और आपदा राहत दल भी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों के आसपास न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रविवार की सुबह सदर एसडीएम दिव्या ओझा और पूर्व जिला अध्यक्ष राणा सिंह दुदे ग्राम सभा पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने कहा कि प्रभावितों को बाढ़ राहत केंद्र पहुंचाया जा रहा है, लोगों को सुरक्षित घरों से बाहर निकाला जा रहा है। बाढ़ चौकी की भी स्थापना की गई है और लगभग 500 बेड की व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए पढ़ाई करने हेतु टीवी भी लगाए गए हैं, वहीं लोगों के लिए खाने-पीने की भी व्यवस्था की गई है।

Advertisement

रविवार को क्षेत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष राणा सिंह लगातार लोगों की मदद करते दिखाई दिए। किसी बच्चे को गोद में उठाते, किसी बुजुर्ग महिला को सहारा देते और बारिश में भीग कर लोगों की सहायता करते उन्होंने बाढ़ पीड़ितों का मन जीत लिया। क्षेत्र में उनका यह कार्य चर्चा का विषय बन गया। बाढ़ पीड़ितों ने उनकी सराहना की और कहा कि उनका मोबाइल 24 घंटे खुला रहता है और वह लोगों की सेवा के लिए खड़े हैं।

फिलहाल, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और सभी संबंधित विभागों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए हैं।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page