वाराणसी
सरकारी नलकूप बंद, किसानों की बढ़ी परेशानी
वाराणसी। पिंडरा ब्लॉक के वार गांव में पिछले दो महीने से सरकारी नलकूप खराब पड़ा है, जिससे धान की सिंचाई बाधित हो गई है। नलकूप संख्या व समूह 35 लंबे समय से बंद होने के कारण किसान भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
किसानों ने किसी तरह मशीनों की मदद से धान की रोपाई तो पूरी कर ली, लेकिन अब बारिश न होने से फसल को पानी देना मुश्किल हो गया है। गांव के बलिराम यादव, गोपाल पटेल, बाबूलाल पटेल, शक्ति कुमार पटेल, लल्लन पटेल समेत अन्य किसानों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की गुहार लगाई है।
किसानों का कहना है कि नलकूप बंद होने से उन्हें सिंचाई के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन शीघ्र मरम्मत कराकर नलकूप को चालू करे, ताकि धान की फसल को समय पर पानी मिल सके और उनकी परेशानियां कम हो सकें।
Continue Reading
