Connect with us

वाराणसी

बस-ट्रक की भिड़ंत में मासूम सहित चार की मौत, कई यात्री घायल

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक दो वर्षीय बच्चा, दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसा खेतासराय के भुड़कुड़हा मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बस और ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद एक महिला और बच्चा मदद की आस में तड़पते रहे, लेकिन इलाज मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मंगलवार रात कैंट बस स्टैंड, वाराणसी से शाहगंज जा रही बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। शाहगंज मार्ग पर जौनपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक देखकर बस चालक घबरा गया। बस भी तेज गति में थी और चालक का स्टेयरिंग पर नियंत्रण छूट गया। परिणामस्वरूप बस दाहिनी ओर जाकर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई।

हादसे के बाद हाईवे पर भारी भीड़ जुट गई और वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। राहगीरों ने फंसे हुए यात्रियों को निकालने का प्रयास किया। कई यात्री घायल अवस्था में चीख-पुकार करते रहे, वहीं कुछ बेहोश और खामोश पड़े थे।

Advertisement

सूचना मिलते ही शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से बस-ट्रक को अलग कराया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी जौनपुर दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। डीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page