वाराणसी
दो दिन से लापता दिव्यांग सफाईकर्मी का मिला शव
शव पर मिले चोटों के निशान
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता दिव्यांग सफाईकर्मी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने अपहरण के बाद उसकी पिटाई कर जान ले ली और शव खंडहरनुमा भवन के पास सड़क किनारे फेंक दिया। मृतक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, चेतगंज के राम कटोरा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के पास सफाईकर्मियों की बस्ती में रहने वाले मुन्ना के दो बेटों में से एक 23 वर्षीय रजत जल निगम में संविदा पर कार्यरत था। वह दाएं पैर से दिव्यांग था। सोमवार शाम करीब 6 बजे बड़े भाई राजा के कहने पर उसने घर में पानी पहुंचाया और 7 बजे टहलने निकल गया। रात में घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
मंगलवार रात करीब 10 बजे मोहल्ले के सुजीत नामक युवक ने सूचना दी कि रजत की लाश प्रकाश टॉकिज के खंडहर में पड़ी है। बड़े भाई राजा ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकाला, जिसमें कई जगह चोटों के निशान पाए गए।
सूचना पर डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गली को दोनों ओर से सील कर फोरेंसिक टीम को बुलाया और आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। परिजनों ने पहले ही थाने में अपहरण की तहरीर दी थी और शव मिलने के बाद थाने के सामने हंगामा किया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद सुजीत को संदिग्ध मानते हुए जांच तेज कर दी है। घटना स्थल के सामने शराब की दुकान है। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार रात शराब के नशे में रजत के साथियों ने उसकी पिटाई कर हत्या की और शव खंडहर में फेंक दिया।
पुलिस रजत का मोबाइल खंगाल रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटना के सुराग तलाश रही है। फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
