मिर्ज़ापुर
सेमफोर्ड स्कूल में पदस्थापन समारोह 2025 का भव्य आयोजन
मीरजापुर। सेमफोर्ड स्कूल, बसही में आज पदस्थापन समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को औपचारिक रूप से जिम्मेदारियां सौंपी गईं। यह आयोजन छात्रों में नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि प्रोफेसर शिशिर चन्द्र उपाध्याय (प्रख्यात शिक्षाविद), विद्यालय के प्रबंधक विवेक बरनवाल और शिप्रा बरनवाल, प्रधानाचार्य शैलेश कुमार पांडेय और हेड कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि को अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।समारोह में छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग नृत्य, प्रेरणादायक नाटिकाएं और समूह गीतों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने नेतृत्व, रचनात्मकता और एकजुटता का परिचय दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण रहा नवनिर्वाचित विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को बैज और अलंकरण पट्टिका प्रदान करना।
छात्र प्रतिनिधियों को पद की गरिमा और जिम्मेदारी का बोध कराते हुए उन्हें उनके दायित्व सौंपे गए। इसके बाद उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर स्कूल कैप्टन, वाइस कैप्टन, हाउस कैप्टन, हाउस वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स, सीसीए और डिसिप्लिन कैप्टन सहित सभी छात्र प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संतोष कुमार विश्वकर्मा द्वारा शपथ दिलाई गई।
प्रबंधक विवेक बरनवाल ने छात्रों को अनुशासन, समर्पण और नैतिकता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया और कहा कि प्रतिनिधित्व एक जिम्मेदारी है जिसे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए।मुख्य अतिथि प्रोफेसर शिशिर चन्द्र उपाध्याय ने अपने भाषण में अनुशासन और परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया।
उन्होंने छात्रों से अपने कार्यों से विद्यालय, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाने की अपील की। प्रधानाचार्य शैलेश कुमार पांडेय ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के सहयोग की सराहना की।
हेड कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने सभी में देशभक्ति की भावना का संचार किया। आयोजन में विद्यालय के सभी कोऑर्डिनेटर, शिक्षकगण और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
