सोनभद्र
स्कूलों में लौटी रौनक, बच्चों का फूल-तिलक से हुआ गर्मजोशी से स्वागत
रेणुकूट (सोनभद्र)। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद मंगलवार को जब स्कूल दोबारा खुले तो बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में चहल-पहल लौट आई। हालांकि पहले दिन छात्रों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन जो बच्चे स्कूल पहुंचे, उनका स्वागत बेहद आत्मीयता से किया गया। कहीं उन्हें फूलमालाएं पहनाई गईं तो कहीं तिलक लगाकर मिठाई खिलाई गई।छात्र अपने साथियों और शिक्षकों से मिलकर बेहद उत्साहित नजर आए।
कई स्कूलों में शिक्षकों ने गांव जाकर अभिभावकों से मुलाकात की और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। दुद्धी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मालाढोढ़ा में इंचार्ज अल्का कौशिक और सहायक अध्यापक प्राची श्रीवास्तव ने छात्रों का तिलक और फूल देकर अभिनंदन किया तथा मिठाइयां भी बांटीं।
इस मौके पर बच्चों को रोजाना विद्यालय आने का संकल्प दिलाया गया। पर्यावरण संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए बच्चों की सहभागिता से पौधरोपण भी कराया गया।
लंबे अवकाश के बाद विद्यालय में लौटे छात्रों के चेहरों पर उमंग और प्रसन्नता साफ झलक रही थी। वहीं, नवप्रवेशी बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया गया और सभी को नियमित उपस्थिति बनाए रखने का आह्वान किया गया।
