सोनभद्र
नेमना में उचित दर दुकान का चयन कोरम के अभाव में टला, अब 18 जुलाई को होगी प्रक्रिया
बीजपुर (सोनभद्र) (जयदेश)। म्योरपुर ब्लॉक के नेमना गांव के दक्षिणी टोला क्षेत्र में संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान अनियमितताओं के आरोप में पिछले लगभग एक वर्ष से निलंबित है।
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आपूर्ति विभाग ने डोडहर ग्राम पंचायत की दुकान से खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की है।
वहीं, नेमना क्षेत्र के राशन कार्ड धारकों की मांग के आधार पर नई दुकान के चयन की प्रक्रिया 1 जुलाई को निर्धारित थी। उप जिलाधिकारी दुद्धी एवं खंड विकास अधिकारी म्योरपुर के आदेशानुसार चयन होना था, लेकिन कोरम की पूर्ति न होने के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि चुनाव के लिए संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद थे, लेकिन कोरम के अभाव में चुनाव टालना पड़ा। अब नई तिथि 18 जुलाई तय की गई है, जिस दिन चयन प्रक्रिया दोबारा कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि यह दुकान पिछड़ा वर्ग कोटे के अंतर्गत आरक्षित है और शासनादेश के अनुसार प्राथमिकता महिला स्वयं सहायता समूह को दी जाएगी, बशर्ते वह समूह शासन के सभी नियमों और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करता हो।
