Connect with us

बलिया

CHC सीयर बना भ्रष्टाचार का अड्डा, मरीजों से खुलेआम की जा रही लूट

Published

on

Loading...
Loading...

बलिया। बलिया जिले का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। आरोप है कि यहां मरीजों से अवैध वसूली की जा रही है और स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर खुलेआम लूट मची हुई है। ताजा मामला डॉ. पूजा सिंह से जुड़ा है, जिन पर एक महिला मरीज से गर्भपात कराने के नाम पर 3500 रुपये लेने का आरोप लगा है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह राशि सीधे डॉक्टर के खाते में नहीं, बल्कि एक निजी कर्मचारी के ‘फोन पे’ खाते में मंगवाई गई। इस भुगतान का स्क्रीनशॉट भी अब सामने आ गया है, जिससे आरोप और पुख्ता होते दिख रहे हैं।

यह पहला मौका नहीं है जब डॉ. पूजा सिंह पर इस तरह के आरोप लगे हों। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि वे पहले भी डॉ. सिंह की शिकायत कर चुके हैं। आरोप है कि बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद वह सप्ताह में केवल दो दिन ही अस्पताल में नजर आती हैं। साथ ही वह मरीजों को बाहर की दवाएं लिखती हैं और कुछ चुनिंदा पैथोलॉजी लैब में जांच कराने का दबाव डालती हैं।

जब इस मामले पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि जैसे ही पीड़ित की लिखित शिकायत प्राप्त होगी, जांच के लिए टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे प्रकरण ने सीएचसी सीयर में चल रहे भ्रष्टाचार और लापरवाही की पोल खोल दी है। अब सवाल यह है कि इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाया जाएगा और पीड़ितों को कब न्याय मिलेगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page