Connect with us

वाराणसी

इंस्पेक्टर समेत दो दरोगा निलंबित, भेलूपुर-चौबेपुर के थानेदार का बदला कार्यक्षेत्र

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार रात को सख्त एक्शन लेते हुए थानों और सर्किलों में बड़े स्तर पर फेरबदल किए। भेलूपुर और चेतगंज सर्किल में नए एसीपी की तैनाती की गई, वहीं भेलूपुर और चौबेपुर थानों के प्रभारी निरीक्षकों को हटाकर नए अफसरों को चार्ज सौंपा गया।

भेलूपुर सर्किल की कमान अब एसीपी गौरव कुमार को दी गई है। वह इससे पहले चेतगंज में तैनात थे। आईपीएस ईशान सोनी, जो भेलूपुर में कार्यरत थे, अब चेतगंज भेजे गए हैं। गौरव कुमार को बीएचयू जैसे संवेदनशील क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

भेलूपुर के नए प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी बनाए गए हैं। पूर्व प्रभारी गोपालजी कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एलआईयू इंस्पेक्टर के परिजनों पर हमले और संबंधित केस में कार्रवाई न होने पर उनकी कार्यशैली पर सवाल उठे थे।

चौबेपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके खिलाफ शिकायतों के चलते यह कदम उठाया गया। अब उप निरीक्षक रविकांत मलिक को चौबेपुर का चार्ज सौंपा गया है।

Advertisement

इसी के साथ, शिवपुर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और हत्या मामले में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पहले ही उन्हें लाइन हाजिर किया जा चुका था। केस की जांच में शामिल दो अन्य दरोगा सत्यम तिवारी और धनंजय यादव को भी सस्पेंड किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई को पुलिस की कार्यशैली पर उठते सवाल और हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणियों के बाद लिया गया कड़ा कदम माना जा रहा है। बदलाव के बाद इन क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता और कार्यप्रणाली में तेजी आने की उम्मीद है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page