Connect with us

गाजीपुर

अनिल राजभर ने किया महाराजा सुहेलदेव के शौर्य का गुणगान

Published

on

राजभर समाज के आत्मगौरव का उत्सव बना सुहेलदेव विजय दिवस, मंत्री अनिल राजभर ने दिलाई ऐतिहासिक विरासत की याद

जखनियां (गाजीपुर)। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के मुडियारी गांव में मंगलवार को महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस का भव्य आयोजन हुआ। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर के आवास पर आयोजित इस ऐतिहासिक उत्सव में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर प्रधान प्रतिनिधि वीरेंद्र यादव और सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। राजेश राजभर द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया गया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा सुहेलदेव का पराक्रम ऐसा था कि उन्होंने विदेशी आक्रांताओं को ऐसा सबक सिखाया कि 175 वर्षों तक भारत की ओर कोई आँख उठाकर नहीं देख सका। उन्होंने सनातन संस्कृति, राष्ट्र और राजभर समाज की रक्षा के लिए अद्वितीय साहस का परिचय दिया।

Advertisement

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद महाराजा सुहेलदेव को वह सम्मान मिला, जिसके वे वास्तविक अधिकारी थे। लखनऊ में प्रतिमा स्थापना से लेकर डाक टिकट, सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन, संग्रहालय और अब बहराइच में भव्य आदमकद प्रतिमा तक—हर पहल ने महाराजा के गौरव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने महाराजा के नाम को हाशिए पर डालने का कार्य किया, जबकि भाजपा ने उन्हें सम्मान और पहचान की नई ऊंचाइयाँ प्रदान कीं।

इस आयोजन में जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा, उप जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, खंड विकास अधिकारी संजय कुमार गुप्ता, अशोक गुप्ता, पूर्व जिला मंत्री राजेश सोनकर, उमाशंकर यादव, धर्मवीर भारद्वाज, मनोज यादव, अनिल पांडे, सर्वानंद सिंह, प्रधान संदीप जायसवाल, प्रधान वीरेंद्र यादव, श्रवण सिंह, पंकज सिन्हा, अवधेश यति, प्रशांत सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद वर्मा ने अत्यंत कुशलता से किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa