Connect with us

वाराणसी

तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, चालक की मौत, तीन घायल

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जामुराद (वाराणसी)। कछवा रोड स्थित नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। प्रयागराज से वाराणसी की ओर आ रही एक कार को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर से टकराकर सर्विस रोड पर जा गिरी।

इस भयावह टक्कर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मिर्जामुराद क्षेत्र के कछवा रोड ओवरब्रिज पर हुआ। सभी घायल प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और परीक्षा देने के लिए वाराणसी आ रहे थे।

टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर देर से पहुंची। एंबुलेंस के जरिए घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद एक और दुखद दृश्य देखने को मिला, जब मृतक चालक का शव काफी देर तक तेज धूप में सड़क किनारे पड़ा रहा। उसे छांव में शिफ्ट करने या कवर करने की कोई व्यवस्था प्रशासन द्वारा नहीं की गई, जो संवेदनहीनता को दर्शाता है।

Advertisement

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि दोषी की पहचान कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page