वाराणसी
एक करोड़ की नशीली दवाएं जब्त, संचालक गिरफ्तार
वाराणसी। जनपद में चेतगंज थाना क्षेत्र के हबीबपुरा में स्थित एक मेडिकल और जनरल स्टोर पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने छापा मारकर 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की प्रतिबंधित एनआरएक्स दवाएं बरामद की हैं। छापेमारी में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम और क्लोनाजेपाम जैसी 10851 टैबलेट्स और कोडीन फॉस्फेट की 1026 शीशियां जब्त की गईं। दुकान संचालक प्रमोद कुमार वर्मा को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह कार्रवाई गाजीपुर और लखनऊ नारकोटिक्स टीम ने संयुक्त रूप से की, जिसका नेतृत्व अधीक्षक एसके सिंह और केके श्रीवास्तव कर रहे थे। स्टोर संचालक के पास किसी भी दवा के लिए वैध कागजात या लाइसेंस नहीं मिला। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि ये दवाएं वह दवा मंडी से बिना बिल के खरीदकर नशे के आदी लोगों को बेचता था।
नारकोटिक्स अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एनआरएक्स (New Refill Prescription) श्रेणी की दवाएं केवल डॉक्टर की लिखित पर्ची पर ही बेची जा सकती हैं। इन दवाओं की हर बार बिक्री के लिए नया प्रिस्क्रिप्शन और वैध लाइसेंस जरूरी होता है। फिलहाल टीम यह जांच कर रही है कि इन दवाओं की आपूर्ति किस थोक व्यापारी द्वारा की जा रही थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
इस छापेमारी के बाद वाराणसी में अवैध दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और जांच एजेंसियों ने कई अन्य संदिग्ध मेडिकल स्टोर्स को भी रडार पर ले लिया है।
