वाराणसी
पूर्वांचल समेत 30 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के 30 से अधिक जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने यह चेतावनी अगले दो से तीन दिनों तक प्रभावी रहने की संभावना जताई है।
30 मई को खास अलर्ट
30 मई को राज्य के कई इलाकों में तेज बौछारें, बिजली गिरने की घटनाएं और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा रहने की आशंका है, जो कई जगहों पर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बाराबंकी, अयोध्या और मथुरा में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना है।
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, आगरा, फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचें, बिजली की गड़गड़ाहट के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और तेज हवाओं में पेड़ों या कमजोर ढांचों के पास न जाएं। किसान भाइयों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें।
