मऊ
चेक गणराज्य में भारत का प्रतिनिधित्व कर लौटे शक्ति सिंह का भव्य स्वागत
मऊ। चेक गणराज्य, यूरोप में आयोजित 53वीं ग्रांड पिलसनर लिब्रेशन वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर लौटे युवा नेता शक्ति सिंह का उनके गृह जनपद मऊ पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर मऊ व्यापार मंच की ओर से नगर के एक प्रतिष्ठित प्लाजा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।समारोह में व्यापार मंच से जुड़े लोगों ने कहा कि शक्ति सिंह जैसे ऊर्जावान और प्रेरणादायक युवा का इस जनपद से होना गर्व की बात है।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष बनने के बाद से ही वह लगातार देश-विदेश में मऊ का नाम रोशन कर रहे हैं। जी-20 समेत कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके समर्पण और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।अपने स्वागत से अभिभूत शक्ति सिंह ने कहा कि वे दुनिया के किसी भी कोने में रहें, लेकिन मऊ की मिट्टी से जुड़ाव हमेशा दिल में बना रहता है।
जनपद और यहां के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना उनके जीवन की प्राथमिकता है।इस अवसर पर मऊ व्यापार मंच, सामाजिक संगठनों, चिकित्सा एवं व्यापारिक संस्थाओं से जुड़े अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने शक्ति सिंह की उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
