चन्दौली
विद्युत विभाग ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, 16 बकायेदारों की बिजली गुल
351 परिसरों की जांच, 95 स्मार्ट मीटर लगाये
बबुरी (चंदौली)। बिजली विभाग ने सोमवार की दोपहर बबुरी कस्बे में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरी और बकायेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा गई। विभाग की टीम ने एक साथ कई मोहल्लों में दस्तक दी और बिजली आपूर्ति से संबंधित नियमों की सख्ती से जांच की।
अभियान के दौरान कुल 351 परिसरों की जांच की गई, जिनमें 95 उपभोक्ताओं के परिसरों में आर्मर्ड केबल के माध्यम से स्मार्ट मीटर लगाए गए, ताकि बिजली खपत पर सटीक निगरानी की जा सके। इसके अलावा, 25 उपभोक्ताओं का विद्युत भार (लोड) बढ़ाया गया, ताकि वे अपनी वास्तविक खपत के अनुरूप बिल का भुगतान करें।
चेकिंग के दौरान 16 बड़े बकायेदारों की बिजली आपूर्ति काट दी गई, जिन पर लंबे समय से बिल बकाया था। इस कार्रवाई से अन्य बकायेदारों को भी कड़ा संदेश गया है।
इस सघन अभियान का नेतृत्व अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार अग्रवाल ने किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान शासन के निर्देशानुसार चलाया गया है और इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली उपयोग के प्रति जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है। बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने कहा कि विभाग समय-समय पर ऐसे औचक निरीक्षण करता रहेगा। सभी उपभोक्ता समय से बिजली बिल का भुगतान करें और वैध कनेक्शन से ही बिजली का उपयोग करें।
अभियान में बिजली विभाग की तकनीकी और प्रवर्तन टीम के दर्जनों अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने हर परिसर की विधिवत जांच की, मीटर की स्थिति को परखा और अनियमितताओं की पहचान कर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की।
