गाजीपुर
भगवान परशुराम मंदिर का भूमि पूजन सम्पन्न

खानपुर (गाजीपुर)। नुरुद्दीनपुर गांव में भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के भव्य मंदिर निर्माण का शुभारंभ गुरुवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। वैदिक आचार्यों ने मंत्रोच्चार व धार्मिक विधानों के साथ भूमि पूजन सम्पन्न कराया, जिससे पूरे गांव में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण व्याप्त हो गया।
यह मंदिर ब्रह्म बाबा मंदिर के पास निर्मित किया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को लेकर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा, और हर ओर भक्ति-भाव की झलक देखने को मिली।
अमेहता के प्रधान प्रतिनिधि राकेश मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि यह मंदिर भगवान परशुराम के तप, त्याग और शौर्य की प्रेरणा देगा। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह ने इसे सनातन संस्कृति की गौरवशाली परम्परा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित किया और स्वयं पूरे कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
बताया गया कि मंदिर में भगवान परशुराम की छह फीट ऊँची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री रामतेज पाण्डेय, शिवधनी त्रिपाठी, डॉ. राजन त्रिपाठी, विपिन शर्मा, कुलदीप, श्यामसुंदर त्रिपाठी, अनिल त्रिपाठी, सोनू त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।