Connect with us

गाजीपुर

दुल्लहपुर में चोरी की वारदातों ने बढ़ायी चिंता, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आमजन की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला परसौली ग्राम का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इन घटनाओं के खुलासे में नाकामी को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसौली गांव निवासी राजूराम के पुत्र राजेश कुमार की पत्नी माया देवी अपने मायके गई हुई थीं। जाने से पहले उन्होंने पांच थान सोने-चांदी के गहने अपनी जेठानी तारा देवी के गोदरेज में रखवाए थे। उसी रात तारा देवी और उनके पति बृजेश कुमार अपनी भांजी की शादी में कोठियां गांव गए हुए थे, जबकि बुजुर्ग चनर राम घर से कुछ दूरी पर स्थित खलिहान में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर गोदरेज की अलमारी से गहने व 5000 रुपये नकद चोरी कर लिए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। चोरी गए गहनों में गले का हार, कान का झाला, करधनी, मंगटीका, नथिया आदि शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

इसी रात मटुकपुर निवासी अरविंद यादव के घर से दो भैंसें चोरी हो गईं, जिनकी कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं 29 अप्रैल को सिखड़ी निवासी शिवकुमार शर्मा की सुपर स्प्लेंडर बाइक (UP 61 AF 0167) भी चोरी हो गई। कुछ दिन पूर्व जलालाबाद निवासी मुकेश जायसवाल के घर से चोर टुल्लू पंप उड़ा ले गए थे।

लगातार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। खासकर पशु चोरी की घटनाएं किसानों के लिए भारी आर्थिक संकट बनती जा रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है और न ही किसी चोर की गिरफ्तारी हुई है। क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस समझौता कराने तक ही सीमित होकर रह गई है। क्षेत्रीय जनता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए और पुलिस गश्त को प्रभावी बनाया जाए।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page