Connect with us

गाजीपुर

नन्दगंज: असामाजिक तत्वों ने तोड़ी अम्बेडकर प्रतिमा

Published

on

गाजीपुर। नन्दगंज थाना क्षेत्र के नैसारा गांव में बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों ने बाबा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होते ही स्थानीय हरिजन बस्ती में आक्रोश फैल गया, खासकर महिलाओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया।

स्थानीय लोगों के गुस्से को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासन ने स्थिति को संभाला। साथ ही, क्षेत्रीय विधायक जै किशन साहू, सैदपुर विधायक के पिता प्रतिनिधि ओ.पी. भारती, देवकली ब्लॉक प्रमुख के पति प्रतिनिधि सच्चे लाल यादव और नायब तहसीलदार विजय कान्त पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने नई प्रतिमा स्थापित करने और स्थल के सुंदरीकरण का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अम्बेडकर प्रतिमा के सिर और कमर को क्षतिग्रस्त कर दिया और दाहिना हाथ तोड़कर दूर फेंक दिया। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब बस्ती की महिलाएं उधर से गुजरीं, तो मूर्ति की दुर्दशा देखकर शोर मचाने लगीं। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए और आक्रोश व्यक्त करने लगे।

प्रशासन ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी होगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page