Connect with us

गाजीपुर

500 मीटर सड़क अधूरी, बारिश में कीचड़ से बेहाल ग्रामीण

Published

on

Loading...
Loading...

स्वतंत्रता सेनानियों की धरती पर मूलभूत सुविधाओं का संकट, जिम्मेदारों की उदासीनता पर सवाल

अधूरी सड़क के साथ पेयजल और सफाई व्यवस्था भी बदहाल, ग्रामीणों ने शीघ्र समाधान की मांग की

हुरमुजपुर (गाजीपुर)। जखनियां विधानसभा क्षेत्र के सादात विकासखंड अंतर्गत हुरमुजपुर ग्रामसभा आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है। ऐतिहासिक पहचान रखने वाले इस गांव में सड़क, पेयजल और साफ-सफाई जैसी समस्याएं ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

500 मीटर सड़क वर्षों से अधूरी

गांव के प्रमुख संपर्क मार्ग की स्थिति सबसे खराब है। लिंक मार्ग 124डी से सर्वोदय इंटर कॉलेज होते हुए रामदरश पांडेय के पंपिंगसेट, कन्हैया मुसहर के घर से रामसरन पासवान तक करीब 500 मीटर सड़क का निर्माण पूर्व में शुरू कराया गया था। सड़क पर कंकड़ बिछाने के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जो वर्षों बाद भी पूरा नहीं हो सका है।

यह मार्ग ग्रामसभा की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख आवागमन का रास्ता है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में विशेष परेशानी उठानी पड़ती है।

Advertisement

हर घर नल योजना पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हर घर नल योजना के बावजूद सभी परिवारों को नियमित और सुचारु पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों ने की स्थलीय निरीक्षण की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से अधूरी सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। इसके साथ ही गांव में नियमित साफ-सफाई और हर घर नल योजना के तहत सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं का समाधान होने पर ही गांव के लोगों को राहत मिल सकेगी। अब देखना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस ओर कब प्रभावी कदम उठाते हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page