वाराणसी
स्कूल बस पर गिरे हाईटेंशन बिजली के पोल, बड़ा हादसा टला
शिवपुर के लक्ष्मणपुर में जर्जर पोल गिरने से मची अफरा-तफरी, सभी बच्चे सुरक्षित
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप, पहले ही दी गई थी सूचना
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही एक स्कूल बस पर हाईटेंशन बिजली लाइन के दो पोल अचानक गिर पड़े। संयोगवश उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर भेजा।
बिजली बंद होने से टली बड़ी अनहोनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गिलट बाजार की ओर से आ रही डेलही पब्लिक स्कूल की बस लक्ष्मणपुर से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगे हाईटेंशन बिजली लाइन के दो पोल अचानक बस पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना से करीब दो घंटे पहले ट्रांसफार्मर के नीचे करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई थी। इसके बाद लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई थी। यदि उस समय लाइन चालू रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
लोगों ने सुरक्षित निकाले बच्चे
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत बस में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावकों में भी चिंता फैल गई। बस चालक ने बताया कि घटना के समय बस में कई बच्चे सवार थे, लेकिन सभी सुरक्षित हैं।
जर्जर पोल की पहले ही दी गई थी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही नारायणपुर वार्ड के पार्षद संदीप रघुवंशी मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस को सूचना दी।
पार्षद का आरोप है कि सड़क किनारे लगे दो पोलों में एक हाईटेंशन लाइन का था, जबकि दूसरा पोल मोबाइल टावर की केबल का भार उठाए हुए था और काफी समय से जर्जर स्थिति में था।
स्थानीय निवासी लक्ष्मण कनौजिया ने बताया कि सोमवार दोपहर ही यह पोल सड़क की ओर झुक गया था। इसकी तस्वीर खींचकर बिजली विभाग के अधिकारियों को भेजी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जर्जर बिजली पोल और तारों को तत्काल बदलने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे ढांचों की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
