Connect with us

गाजीपुर

स्कूल चलो अभियान के तहत सादात में निकली ब्लॉक स्तरीय जागरूकता रैली

Published

on

Loading...
Loading...

शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों के ठहराव का लक्ष्य, छात्रों ने नारों से किया जागरूक

बीईओ हेमवन्त कुमार ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की

सादात (गाजीपुर)। स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को शत-प्रतिशत नामांकन और विद्यालयों में बच्चों के ठहराव के लक्ष्य को लेकर ब्लॉक स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात के परिसर से खंड शिक्षा अधिकारी हेमवन्त कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में सादात और दौलतनगर न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात से शुरू होकर ब्लॉक परिसर, थाना, नगर पंचायत कार्यालय, सादात बाजार और बस स्टैंड होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन शैक्षिक गोष्ठी के रूप में हुआ।

रैली के दौरान बच्चे हाथों में शिक्षा से संबंधित प्रेरक स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। उन्होंने “कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार”, “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल रोज जाएंगे”, “स्कूल आओ, सब कुछ पाओ” जैसे नारों के माध्यम से अभिभावकों और आम नागरिकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

Advertisement

इस दौरान शिक्षक रास्ते में जगह-जगह रुककर अभिभावकों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते रहे। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी।

शैक्षिक गोष्ठी को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी हेमवन्त कुमार ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का द्वितीय चरण शुरू हो चुका है। इसका उद्देश्य विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और बच्चों का नियमित ठहराव बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

मौके पर मौजूद खंड विकास अधिकारी डॉ. सरबजीत सिंह ने भी अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। प्राथमिक शिक्षक संघ सादात के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव ने कहा कि शिक्षकों का पूरा प्रयास है कि निर्धारित समय में नामांकन का लक्ष्य पूरा किया जाए। वहीं ब्लॉक अधिकारी बृजेश सिंह ने भी गोष्ठी को संबोधित किया।

रैली में उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात के प्रधानाध्यापक सुभाष सिंह यादव, कम्पोजिट विद्यालय मरदापुर के प्रधानाध्यापक राम अवध यादव, प्राथमिक विद्यालय सादात प्रथम के प्रधानाध्यापक जितेन्द्र गुप्ता, प्राथमिक विद्यालय सादात द्वितीय के प्रधानाध्यापक करूणाकर राय, यादव बस्ती विद्यालय के प्रधानाध्यापक साहब राम, इस्लामिया विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जमीला खातून सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षक संतोष सिंह, सुधीर कुमार, रविन्द्र यादव, रंजीत कुमार, शीतला प्रसाद यादव, लालबहादुर कन्नौजिया, संतोष यादव, बटेश्वर राम, निशा यादव, सीमा यादव, प्रतिभा पाण्डेय, संजय बर्नवाल, अखिलेश, राजेश राम, रमेश राय और मनोज मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों का योगदान रहा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page